कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा को सक्रिय राजनीति में आना चाहिए। यूपी कांग्रेस के प्रभारी रह चुके दिग्विजय कहते हैं कि न सिर्फ वे बल्कि यूपी के ज्यादातर कांग्रेस कार्यकर्ता काफी समय से प्रियंका के राजनीति में आने की मांग कर रहे हैं।
हम सभी चाहते हैं कि प्रियंका को रायबरेली व अमेठी से बाहर निकलना चाहिए। इससे यूपी में कांग्रेस की हालत सुधर सकती है।
दिग्विजय पत्नी अमृता के साथ रविवार को सपा नेता और सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव के बेटे के रिसेप्शन में शामिल होने लखनऊ आए थे। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगे की जांच रिपोर्ट पर कहा कि इतने बड़े दंगे का कोई भी दोषी न होना आश्चर्यचकित करता है।
सभी जानते हैं कि मुजफ्फरनगर दंगों में भाजपा के एक सांसद जो अब केंद्रीय मंत्री हैं, के साथ ही एक विधायक की भूमिका थी, लेकिन रिपोर्ट में उनके बारे में कुछ नहीं कहा गया। इससे संशय होता है कि कुछ गड़बड़ जरूर है।
मुजफ्फरनगर दंगों की रिपोर्ट पर उठाया सवाल
आरएसएस पर भी साधा निशाना
- फोटो : getty images
जांच रिपोर्ट में भाजपा नेताओं के नाम हटाए जाने के लिए क्या यूपी सरकार दोषी है, इस सवाल पर दिग्विजय ने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।
यूपी में चुनावी रणनीति बनाने के लिए प्रशांत किशोर को जिम्मेदारी देने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि इसका जवाब यूपी प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री से लीजिए तो ज्यादा अच्छा होगा।
आरआरएस ड्रेस के बजाय विचारधारा बदले
दिग्विजय ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ड्रेस बदलने से देश को कोई फायदा नहीं होगा। संघ को धर्म के नाम पर समाज को बांटने वाली अपनी विचारधारा में बदलाव करना चाहिए।
आरएसएस पर पलटवार करते हुए कहा, वे कौन होते हैं जो यह तय करें कि कौन राष्ट्रवादी है और कौन देशद्रोही। संविधान में इसे तय करने की पर्याप्त शक्ति है। इस तरह के संगठनों को एजुकेशन सिस्टम में दखल नहीं देना चाहिए।
केंद्र बताए, किन कॉरपोरेट सेक्टर का कर्ज किया माफ
केंद्र सरकार पर उठाए सवाल
- फोटो : getty images
दिग्विजय ने कहा कि केंद्र सरकार व कॉरपोरेट जगत के संपर्क किसी से छुपे नहीं हैं। यही वजह है कि केंद्र ने कॉरपोरेट जगत का पब्लिक सेक्टर बैंकों से लिया गया 1.14 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया है। सरकार उन लोगों की सूची सार्वजनिक करे जिनका कर्ज माफ किया गया है।
सबको पता है विजय माल्या किस तरह भागे
किंगफिशर के मालिक विजय माल्या के देश छोड़कर चले जाने के मामले पर दिग्विजय ने कहा कि सबको पता है कि वे किस तरह यहां से भागे।
उन्होंने कहा, पहले सीबीआई लुक आउट नोटिस जारी करती है। एक महीने बाद सीबीआई के जॉइंट डायरेक्टर एके शर्मा लुक आउट नोटिस को यह कहकर हटा देते हैं कि यह गलती से जारी हो गया। यही वजह है कि माल्या देश छोड़कर चले गए। इसके दोषी अफसरों पर सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही?
ज्वैलर्स की मांगें जायज
ज्वैलर्स के प्रदर्शन पर कांग्रेसी नेता ने कहा कि उनकी मांगें जायज हैं। इनकी हड़ताल से अब तक 60 से 70 हजार करोड़ का नुकसान हो चुका है। एक तरफ मेक इन इंडिया की बात की जाती है, दूसरी ओर एक्साइज ड्यूटी लगाकर कारीगरों को परेशान किया जा रहा है।