डायरिया से पीड़ित लोगों का चल रहा इलाज
गोंडा के करनैलगंज में बीते 48 घंटों से डायरिया का प्रकोप तेजी से फैल चुका है। शुक्रवार की रात से ही करनैलगंज के सकरौरा मोहल्ले सहित आसपास के इलाकों में फैले उल्टी दस्त के कहर ने रविवार तक सौ का आंकड़ा पार कर लिया है।
लगातार नये-नये लोगों के बीमार होने से यहां रहने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय सीएचसी पर पहुंचने वाले मरीजों का इलाज किया जा रहा है। रविवार तक यहां के सभी बेड भर चुके हैं। जबकि तमाम बीमार लोग प्राइवेट चिकित्सकों की शरण में हैं।
कई मरीजों को जिला चिकित्सालय भेजा जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग जहां इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला मान रहा है, वहीं तमाम लोग इसे पानी से फैला संक्रमण मान रहे हैं।
रविवार को जिले के अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर देवराज स्थानीय सीएचसी पहुंचे और यहां के अधीक्षक डाक्टर सुरेश चन्द्रा से मुलाकात कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
अधीक्षक डाक्टर सुरेश चन्द्रा ने बताया कि प्रभावित इलाकों में डाक्टरों की टीमें भेजी गयी है। अभी तक कुल 32 मरीज आ चुके हैं। तीन को रेफर किया गया है। करीब एक दर्जन मरीज बढे़ हैं। मामला फूड प्वाइजनिंग का है। हो सकता है पानी से भी यह दिक्कत आई हो। इसके लिए नगर परिषद से बात की गयी है। जिससे पानी में दवा मिलवाई जा सके।