लखनऊ। टेढ़ी पुलिया चौराहा स्थित शिवमंदिर के पास खुली मीट की दुकानों के खिलाफ शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन अवध राजू गुप्ता संगठन के कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। मौके पर नगर निगम के अधिकारियों के न आने पर प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम मुख्यालय कूच का एलान कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे जोन सात के जोनल अधिकारी आकाश कुमार को भाकियू पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपा। उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम बनाकर मीट दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजू गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद हलीम, मोनू यादव, रमेश राजपूत आदि मौजूद थे।
इधर, मीट दुकानदारों के सड़क और नालियों में गंदगी डालने से नाराज लोग जोनल अधिकारी आकाश कुमार को लेकर दुकानों के पास पहुंच गए। जिस पर जेडएसओ ने प्रत्येक दुकानदार पर चार हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों के खिलाफ पशु क्रूरता पर कार्रवाई करते हुए चालान काटा।
31 मार्च को अमर उजाला ने प्रमुखता से छापी थी खबर
बिना लाइसेंस के संचालित मीट की अवैध दुकानों की खबर अमर उजाला ने 31 मार्च के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की थी। जिसमें खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों द्वारा एक-दूसरे पर कार्रवाई करने का ठीकरा फोड़ दिया था।
रेलिंग फांद कर जेडएसओ ने लिया ज्ञापन
भाकियू का धरना पुल के नीचे चल रहा था। धरने के दोनों तरफ लोहे की रेलिंग लगी हुई थी। ज्ञापन लेने जेडएसओ आकाश कुमार पहुंचे। पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों के बीच आकर ज्ञापन लेने का आग्रह किया। जिसपर वह रेलिंग फांद कर अंदर गए।