प्रदर्शनकारियों को समझाते अधिकारी।
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित पासिन ढकवा में सरकारी देशी शराब दुकान बंद कराने के लिए भारतीय किसान यूनियन (श्रमिक जनशक्ति) के बैनर तले किसानों ने बुधवार को भी धरना दिया। किसान तत्काल प्रभाव से दुकान को बंद कराने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान दुकान के पास धरना दे रहे किसान आमजन के आवागमन के साथ ही क्रय-विक्रय में बाधा डालने का भी प्रयास कर रहे हैं। प्रदर्शन समाप्त करने के लिए आबकारी इंस्पेक्टर विवेक सिंह, रजनीश प्रताप सिंह, अरविंद बघेल व रिचा सिंह ने कई बार बातचीत कर किसानों को समझाने की कोशिश की। आबकारी विभाग ने आश्वासन दिया है कि नियमानुसार 31 मार्च के बाद दुकान को यहां से शिफ्ट कराने के लिए कार्रवाई की जाएगी।
उधर, यूनियन के जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश, प्रवक्ता रामसेवक व सूरज प्रधान समेत अन्य पदाधिकारी तत्काल दुकान बंद कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। किसानों का आरोप है कि ठेके के पास से गुजरने वाली महिलाओं और छात्राओं पर नशेड़ी फब्तियां कसते हैं।
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल के मुताबिक शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एसडीएम पवन पटेल ने बताया कि लगातार बातचीत के जरिये मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों को समझाते अधिकारी।