फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धर्मसभा में स्वामी रामभद्राचार्य बोले, 11 दिसंबर के बाद मंदिर को लेकर बड़ा एलान करेगी मोदी सरकार

Sun, 25 Nov 2018 04:11 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अयोध्या
विज्ञापन
धर्मसभा को संबोधित करते स्वामी रामभद्राचार्य। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित की गई सभा समाप्त हो गई। धर्मसभा में विहिप द्वारा करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर निर्माण के लिए आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया गया। रविवार को राम की नगरी में आयोजित धर्मसभा के लिए सुबह से ही रामभक्तों का तांता लगा रहा।  प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। मगर रामभक्तों का रेला उमड़ा तो पूरी अयोध्या उनके कब्जे में आ गई।

विज्ञापन


धर्मसभा को संबोधित करते हुए तुलसी पीठाधीश्वर चित्रकूट रामभद्राचार्य ने रामभक्तों को भरोसा दिलाया कि अयोध्या में राममंदिर का निर्माण भाजपा ही करवाएगी। उन्होंने कहा कि मेरी अभी कुछ दिनों पहले ही केंद्र सरकार के एक बड़े व प्रभावशाली मंत्री से बात हुई। उन्होंने मुझसे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 दिसंबर के पहले ही अयोध्या मुद्दे पर कुछ करने वाले थे पर पांच राज्यों में चुनाव होने के कारण ऐसा नहीं हो सका। मंत्री ने मुझे भरोसा दिलाया कि 11 दिसंबर के बाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ चर्चा करते हुए राममंदिर कोई बड़ा निर्णय लिया जाएगा। रामभद्राचार्य ने कहा कि रामभक्तों को भाजपा की सरकार पर भरोसा रखना चाहिए। भाजपा की सरकार ही अयोध्या में जल्द राममंदिर बनवाएगी।

उन्होंने कहा कि 11 दिसंबर को बाद सरकार राममंदिर पर कोई बड़ा एलान करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मध्य प्रदेश में राम मंदिर पर दिए गए बयान के बाद इसके निहितार्थ तलाशे जा रहे हैं। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान मोदी ने कांग्रेस पर मंदिर निर्माण में अड़चन डालने का आरोप लगाया।
विज्ञापन


वहीं, विश्व हिंदू परिषद के अन्तर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि जमीन के बंटवारे का फार्मूला नहीं मानेंगें। हमें पूरी जमीन चाहिए बंटवारा नहीं। सुन्नी वक्फ बोर्ड अपना जमीन पर दावा वापस ले ले।

देश का विकास तभी होगा जब राममंदिर बनेगा, हमारे सब्र का इम्तिहान न लिया जाए। इस बयान पर रामजन्मभूमि और बाबरी मस्जिद के पक्षकारों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। हिंदू-मुस्लिम दोनों पक्षकारों ने साफ कहा है कि किस हैसियत से विश्व हिंदू परिषद जमीन मांग रहा है। वह कोर्ट में न पक्षकार है न ही सरकार है। जमीन चाहिए तो सुप्रीम कोर्ट से मांगें।

विहिप व एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने शिवसेना की तर्ज पर लगाए नारे

- फोटो : amar ujala
अयोध्या में धर्मसभा के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे विश्व हिंदू परिषद व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने शिवसैनिकों की तर्ज पर 'पहले मंदिर फिर सरकार, हर हिंदू की यही पुकार' के नारे लगाए।

आपको बता दें कि शनिवार को शिवसेना की ओर से आयोजित की गई संत आशीर्वाद सभा में शिवसैनिक यही नारे लगा रहे थे। वहीं, शिवसेना अध्यक्ष उद्घव ठाकरे ने सभा में अपने संबोधन के दौरान केंद्र सरकार पर निशाना साधा था और कहा था कि मैं चार साल से सो रह कुंभकरण को जगाने आया हूं। अब नारा नहीं, मंदिर निर्माण की तारीख बताएं। उन्होंने कहा था कि अगर मोदी सरकार मंदिर पर संसद में अध्यादेश लाती है तो शिवसेना उसका समर्थन करेगी।

अयोध्या पहुंचने पर मुस्लिम समुदाय ने किया रामभक्तों का स्वागत
अयोध्या में रविवार को सांप्रदायिक सौहार्द्र के भी नजारे दिखे। जब रामभक्त अयोध्या पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद मुस्लिम समुदाय ने उनका स्वागत किया और धर्मसभा के मार्ग पर उनके रास्ते में फूल बरसाये।

इसके अलावा किन्नर समाज के लोगों ने भी अयोध्या में राममंदिर बनाये जाने का आह्वान किया और कहा कि अब इस पर और इंतजार नहीं कर सकते।

रामलला के दर्शन करने के बाद उद्घव ठाकरे ने कही ये बातें

रामलला का दर्शन कर पत्नी संग वापस लौटते उद्घव ठाकरे - फोटो : amar ujala
अयोध्या में रविवार के अपने परिवार सहित रामलला का दर्शन करने के बाद शिवसेना प्रमुख उद्घव ठाकरे ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार को राममंदिर मुद्दे पर अध्यादेश लाना चाहिए। शिवसेना उसका समर्थन करेगी। हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा अगर मंदिर नहीं बना तो सरकार नहीं बनेगी। हिंदू अब ताकतवर हो गया है और अब मार नहीं खाएगा।

ठाकरे ने कहा कि रामलला के दर्शन कर बाहर आने पर ऐसा लगा कि मैं जेल से निकल रहा हूं। मैं कल से अयोध्या में हूं। यहां अच्छा लग रहा है। राममंदिर का नाम लेकर अब वोट की राजनीति नहीं होनी चाहिए। पिछले चार सालों में सरकार ने कुछ नहीं किया। अगर मामला अदालत के पास ही जाना है तो चुनाव प्रचार में राममंदिर का इस्तेमाल करना बंद कर देना चाहिए। जनता से कह देना चाहिए कि राममंदिर भी हमारे लिए एक चुनावी जुमला था।

उद्घव ठाकरे ने कहा कि संसद का एक सत्र बचा हुआ है। इसमें राममंदिर के लिए अध्यादेश लाना चाहिए। शिवसेना अध्यादेश का समर्थन करेगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि, योगी जी ने कहा था कि वहां मंदिर था, मंदिर है और मंदिर ही रहेगा। ठाकरे बोले, दुख तो इस बात का है कि मंदिर दिख नहीं रहा है। जल्द से जल्द मंदिर निर्माण होना चाहिए।

राजा भैया बोले, बंद कमरे में भाजपा नेता कुछ बोलते हैं, जनता के बीच कुछ और

निर्दलीय विधायक राजा भैया - फोटो : amar ujala
पूर्व मंत्री व कुंडा के निर्दलीय विधायक राजा भैया ने कहा कि अयोध्या में राममंदिर निर्माण पर रोज-रोज नौटंकी बंद होनी चाहिए। इस मुद्दे पर भाजपा को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। बंद कमरे में नेता कुछ बोलते हैं और बाहर निकलने के बाद जनता के बीच कुछ और। मंदिर के मुद्दे पर भाजपा को अपनी स्पष्ट राय देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में लोगों की आस्था को देखते हुए राममंदिर का निर्माण होना चाहिए, लेकिन इसके लिए सबकी सहमति हो। यदि ऐसा नहीं हो पाता तो संवैधानिक तरीके से सुप्रीम कोर्ट के फैसले का लोगों को इंतजार करना चाहिए। जब भी चुनाव करीब आता है राम मंदिर का मुद्दा गरमाया जाता है।

सोची-समझी रणनीति के तहत राम मंदिर निर्माण का मामला उठा रही भाजपा: मायावती

बसपा सुप्रीमो मायावती - फोटो : amar ujala
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि अपनी कमियों व विफलताओं से जनता का ध्यान बंटाने के लिए भाजपा ने पर्दे के  पीछे से राम मंदिर निर्माण के लिए अभियान शुरू कराया है। यह मामला सुप्रीम कोर्ट में है। इसका निपटारा कोर्ट से ही होना चाहिए।

मायावती ने दिल्ली में मीडिया से बातचीत में कहा कि छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश में भाजपा सत्ता में आने वाली नहीं है। लोकसभा चुनाव में भी वह सत्ता में आने वाली नहीं है। इसका एहसास भाजपा, आरएसएस व उसकी सहयोगी पार्टी शिवसेना को भी है। इसीलिए ये सोची-समझी रणनीति के तहत राम मंदिर निर्माण का मामला उठा रहे हैं। साधु-संतों, आरएसएस व शिवसेना को आगे कर अभियान चलाया जा रहा है।

राममंदिर व कानून-व्यवस्था को लेकर राज्यपाल से मिले शिवपाल सिंह यादव

- फोटो : amar ujala
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर विश्व हिंदू परिषद की हो रही धर्मसभा के बीच लखनऊ में भी सियासी पारा चढ़ने लगा है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्यपाल रामनाईक से राममंदिर व प्रदेश की कानून-व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर चर्चा की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। वहीं, उनके समर्थकों ने राजभवन का घेराव किया और प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

शिवपाल ने कल भी धर्मसभा को लेकर बयान दिया था कि अयोध्या में धारा 144 लागू होने के बाद भी भीड़ को एकत्र होने दिया जा रहा है। किसी भी कीमत पर विवादित भूमि पर सवोच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना नहीं होनी चाहिए। अगर राज्य व जिला प्रशासन स्थिति को नियंत्रण नहीं कर पा रहे हैं तो राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया जाना चाहिए।
विज्ञापन

अगर 1992 में ऐसी सुरक्षा होती तो न होता ढांचा विध्वंस

बाबरी मस्जिद के पक्षकार इकबाल अंसारी - फोटो : amar ujala
बाबरी मस्जिद के पक्षकार इकबाल अंसारी ने अयोध्या में धर्मसभा के दौरान रही सुरक्षा व्यवस्था पर संतुष्टि जारी करते हुए कहा कि अगर ऐसी ही सुरक्षा 1992 में रही होती तो ढांचा विध्वंस न होता। इकबाल प्रशासन से पूरी तरह संतुष्ट नजर आए।

गौरतलब है कि धर्मसभा के आयोजन से पहले इकबाल ने अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जताई थी जिसे प्रशासन ने पूरी गंभीरता से लेते हुए उनके घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी।

इकबाल ने कहा कि राम मंदिर मुद्दे का शांतिपूर्वक निपटारा होना चाहिए। आयोजन के लिए नगर को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया था।

हाईअलर्ट जारी करते हुए एक-एक एडीजी-डीआईजी, तीन एसपी, 10 एएसपी, 21 डीएसपी, 42 कंपनी पीएसी, 5 कंपनी आरएएफ समेत एटीएस कमांडो तैनात किए गए थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें