केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : amar ujala
प्रधान ने कहा, यूपी में मई 2014 तक केवल 1.86 करोड़ परिवारों के पास रसोइ गैस कनेक्शन था। मोदी सरकार के चार साल के शासन में यह संख्या बढ़कर 3.16 करोड़ हो गई है। अभी तक 2011 के आर्थिक सामाजिक सर्वेक्षण के आधार पर उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिया जा रहा था। कई परिवार अब भी इससे वंचित थे। ग्राम स्वराज अभियान में लगी चौपालों में यह बात सामने आने पर केंद्र सरकार ने अब यूपी में सभी अति दलित, अनुसूचित जाति और जनजाति परिवारों को उज्जवला योजना में कनेक्शन देने का फैसला किया है।
कैराना और नूरपुर उपचुनाव में भाजपा की हार पर धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा, यूपी का गन्ना देश की राजनीति को प्रभावित करता है। यूपी में गन्ने की पैदावार और चीनी का उत्पादन अधिक होने से चीनी के दाम में कमी आई है। दाम कम होने से उसका निर्यात भी कम हो रहा है। ऐसे में किसानों और चीनी मिलों की समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार ने मिलों को गन्ने के रस से सीधे एथनॉल बनाने की मंजूरी दी है।
एथनॉल बनाने और उसे संग्रहित करने के लिए चीनी मिलों को सरकार सस्ता ऋण भी देगी। हमने टूटे चावल और मक्का से भी एथनॉल बनाने का निर्णय किया है। यूपी में कचरे से एथनॉल बनाने के लिए सीतापुर में पहला प्लांट लगाया जा रहा है।