लखनऊ। गोमतीनगर इलाके से गाड़ी उठाने को लेकर दो युवकों ने नगर निगम बूथ में घुसकर उपद्रव किया। दोनों ने बूथ संचालक राजेश की पिटाई कर दी। कार उठने से नाराज युवकों ने बूथ संचालक का सिर लोहे की सीढ़ी पर दे मारा जिससे वह लहूलुहान हो गया। पीड़ित बूथ संचालक की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद समेत तीन पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीनाें की तलाश की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर केशव कुमार तिवारी के मुताबिक, थाने के पीछे नगर निगम का नो पार्किंग गाड़ियों का बूथ है जिसमें राजेश सिंह संचालक हैं। मूलरूप से बस्ती के पांडेय बाजार निवासी राजेश के मुताबिक, उनकी निगरानी में गोमतीनगर इलाके के नो पार्किंग क्षेत्र में खड़ी गाड़ियों को क्रेन चालक उठाते हैं। उन पर जुर्माना लगाने के बाद छोड़ा जाता है। जिसके लिए डंपिंग यार्ड गोमतीनगर थाने के पीछे बनाया गया है। राजेश के मुताबिक, वह ड्यूटी पर थे, इस दौरान एक क्रेन चालक नो पार्किंग जोन से कार उठाकर बूथ पर लाया। वहीं खड़ी कर चला गया। इस बीच पीछे से दो युवक पहुंचे।
उन्होंने ज्ञानेंद्र चतुर्वेदी का नाम लेते हुए गाड़ी छोड़ने के लिए कहा।
राजेश के मुताबिक, ज्ञानेंद्र नाम के किसी व्यक्ति को जानने से इनकार कर दिया तो दोनों युवक हमलावर हो गए। उन्होंने लात-घूसों से जमकर पीटा और फिर सिर पकड़कर सीढ़ी से लड़ा दिया। इससे राजेश का सिर फट गया। शोर सुनकर आस पड़ोस के लोग जब तक दौड़े दोनों हमलावर गाड़ी लेकर भाग निकले। कर्मचारियों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। शनिवार देर शाम को राजेश ने थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर केशव कुमार तिवारी के मुताबिक, राजेश की तहरीर पर ज्ञानेंद्र चतुर्वेदी के अलावा दो अज्ञात हमलावरों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाले है जिनके आधार पर दबिश दी जा रही है।