सेवानिवृत्त आईएएस देश दीपक वर्मा ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के चेयरमैन का कार्यभार संभाल लिया।
राज्यपाल बीएल जोशी ने उन्हें शपथ दिलाई। बाद में वर्मा ने नियामक आयोग कार्यालय में नवनियुक्त सदस्य आईबी पांडेय को शपथ दिलाई। पदभार संभालने के बाद वर्मा ने कहा कि आयोग प्रभावी रेगुलेटर की भूमिका अदा करेगा।
राज्यपाल ने पूर्वाह्न करीब 11.30 बजे राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में वर्मा को शपथ दिलाई। इसी के साथ वर्मा ने पिछले साल अक्तूबर से खाली चल रहे चेयरमैन पद की जिम्मेदारी संभाल ली।
1978 बैच के अवकाश प्राप्त प्रशासनिक अधिकारी वर्मा केंद्र सरकार में सचिव संसदीय कार्य सहित प्रदेश के कईमहत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य सचिव जावेद उस्मानी, प्रमुख सचिव राज्यपाल राजीव कपूर, प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय अग्रवाल, आयोग की सदस्य मीनाक्षी सिंह व पावर कॉर्पोरेशन के एमडी एपी मिश्र सहित बिजली निगम के अधिकारी मौजूद थे।
दोपहर बाद उन्होंने गोमतीनगर स्थित आयोग के कार्यालय पहुंचकर नवनियुक्त सदस्य पांडेय को शपथ दिलाई।
इसके बाद अधिकारियों एक साथ एक परिचय बैठक की जिसमें आयोग के कामकाज की जानकारी लेने के साथ ही अपनी कार्यप्रणाली के बारे में बताया।