लखनऊ। सीएम डैशबोर्ड पर राजस्व कार्यों की समीक्षा में लापरवाही पर मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की। बैठक में अनुपस्थित रहने पर भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग के उप निदेशक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। लक्ष्य के सापेक्ष कमजोर प्रगति पर अपर आयुक्त वाणिज्य कर को चेतावनी जारी करने के आदेश दिए गए।
लंबित राजस्व वादों के तुरंत निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। समीक्षा बैठक में धारा-24 के तहत तीन से पांच वर्ष पुराने मामलों को एक माह में निस्तारित करने तथा धारा-34 के अंतर्गत पांच वर्ष से अधिक पुराने 182 मामलों को जनवरी में निपटाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्टांप व निबंधन, आबकारी, परिवहन और खनिकर्म विभागों को लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व संग्रह की प्रगति की बुकलेट तैयार कर उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।
बैठक में ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की रिपोर्ट और बार-बार टेंपरेरी लाइसेंस लेने वाले रेस्टोरेंटों की सूची भी तलब की गई। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि लापरवाही, उदासीनता और गलत रिपोर्टिंग पर आगे भी जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।