लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार के सरयू अपार्टमेंट में सोमवार देर रात खुद को गोली से उड़ाने वाले वाणिज्य कर उपायुक्त संजय शुक्ला छह मई को फ्लैट में हुई चोरी के बाद से परेशान थे। खुलासे को लेकर पुलिस अफसरों से लगातार संपर्क में थे। वह पुलिस के समानांतर अपनी जांच भी कर रहे थे। उन्होंने कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई। यहां तक कि चोरों के आने-जाने के रास्ते का नक्शा भी बनाकर दिया। उनकी पत्नी चोरी के कारण ही संजय के खुदकुशी करने की बात कह रही है। वहीं, पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि सोमवार रात पति-पत्नी में किसी बात पर कहासुनी हुई थी। हालांकि, पुलिस अभी कारण नहीं बता रही है। संजय वाराणसी में तैनात थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक संजय ने जबड़े व गर्दन के बीच लाइसेंसी रिवॉल्वर सटाकर खुद को गोली मारी थी। उनके सिर के अगले हिस्से में गोली फंसी मिली। कोविड जांच में वह संक्रमित निकले। मंगलवार दोपहर उनका शव परिवारीजन को सौंप दिया गया। आजमगढ़ स्थित पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार हुआ। पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त कर ली है।
सोमवार को जाना था वाराणसी
एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव के मुताबिक संजय अप्रैल में संक्रमित हुए थे। उस समय पूरा परिवार वाराणसी में था। मई के पहले सप्ताह में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। इसी बीच छह मई को उनके घर से करीब 30 लाख के जेवरात व नकदी चोरी हो गई। इसकी सूचना पर लखनऊ पहुंचे संजय ने पुलिस से संपर्क किया। श्वेता के मुताबिक रविवार को बातचीत में उन्होंने बताया कि सोमवार को वह वाराणसी जाएंगे और दो-तीन दिन बाद लौटेंगे। एसीपी के मुताबिक बात करने के दौरान नहीं लग रहा था कि संजय डिप्रेशन में थे।
पत्नी बोली- चोरी के बाद से थे अवसाद ग्रस्त
सोमवार देर रात पुलिस के पहुंचने पर संजय शुक्ला की पत्नी अनीता उन पर भड़क गई। आरोप लगाया कि पुलिस की कार्यशैली से उनके पति परेशान थे। चोरी के बाद से वह अवसाद ग्रस्त हो गए थे। पुलिस से कोई सहयोग नहीं मिल रहा था। आरोप लगाया कि खुद संजय ने कई अहम साक्ष्य जुटाकर दिए, लेकिन पुलिस ने कोई पहल नहीं की। कीमती सामान, नकदी व पुराने जेवरात गायब होने से पूरा परिवार आहत था। इसी वजह से उन्होंने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की थी।
चोरी की खुद भी कर रहे थे पड़ताल
संजय अपने फ्लैट में चोरी के खुलासे को लेकर लगातार पुलिस अधिकारियों व इंस्पेक्टर से संपर्क कर रहे थे। वह खुद भी पड़ताल कर रहे थे। उन्होंने अर्पाटमेंट के अलावा एक दर्जन से अधिक स्थानों की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दी। इंस्पेक्टर को एक नक्शा भी बनाकर दिया। दावा किया कि चोर इसी रास्ते से आए, गए थे। पुलिस के पास नक्शा व फुटेज मौजूद है। प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर विस्तार पवन पटेल मुताबिक जल्द खुलासा हो जाएगा।