उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2021, ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर्स (टीजीटी) और पोस्ट ग्रेजुएट टीचर्स (पीजीटी) परीक्षा को पारदर्शी व नकलविहीन कराने के निर्देश दिए हैं।
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2021, ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर्स (टीजीटी) और पोस्ट ग्रेजुएट टीचर्स (पीजीटी) परीक्षा को पारदर्शी व नकलविहीन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी परीक्षा केंद्र में अनियमितता हुई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उप मुख्यमंत्री सोमवार को योजना भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तीनों परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। बीएड की प्रवेश परीक्षा छह अगस्त को, टीजीटी की सात व आठ और पीजीटी 17 व 18 अगस्त को प्रस्तावित है। उन्होंने इन परीक्षाओं में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बीएड प्रवेश परीक्षा सहित अन्य आयोगों में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में असामाजिक तत्वों और संवेदनशील परीक्षा केंद्रों का चिह्निकरण करने के निर्देश दिए हैं। समीक्षा बैठक में लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक कुमार राय, उच्च शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव मोनिका एस. गर्ग, माध्यमिक शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव आराधना शुक्ला, एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार, उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव सुभाष चंद्र शर्मा समेत अन्य अधिकारी भी शामिल थे।