हज की सीट बचाने को 17 अगस्त तक जमा करें 1.52 लाख
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों को हज कमेटी ऑफ इंडिया ने एक और मौका दिया है। अब चयनित यात्री 17 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम हज राशि जमा कर सकेंगे। निर्धारित समय तक राशि जमा नहीं करने पर हज की सीट बिना किसी अतिरिक्त सूचना के रद्द कर दी जाएगी।
हज कमेटी ने सोमवार को जारी सर्कुलर में बताया कि यात्रियों और राज्य हज समितियों से मिले अनुरोधों के बाद भुगतान की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। इससे पहले जारी सर्कुलर में अलग समय सीमा तय की गई थी। कमेटी ने सभी चयनित यात्रियों से निर्धारित समय के भीतर भुगतान पूरा करने की अपील की है।
शॉर्ट पैकेज वालों को भी देना होगा पैसा
जिन चयनित यात्रियों ने शॉर्ट हज पैकेज का विकल्प चुना है, उन्हें भी निर्धारित राशि जमा करनी होगी। कमेटी ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा तक भुगतान नहीं होने पर संबंधित हज सीट निरस्त कर दी जाएगी।
वेबसाइट और एप से भी कर सकेंगे भुगतान
लखनऊ। हज की अग्रिम राशि जमा करने के लिए यात्रियों को ऑनलाइन और बैंक दोनों विकल्प दिए गए हैं। हज कमेटी की वेबसाइट या हज सुविधा एप के जरिए क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग से भुगतान किया जा सकता है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की निर्धारित शाखाओं में पे-इन-स्लिप से भी राशि जमा होगी। इसके लिए हज कमेटी की वेबसाइट पर कवर नंबर के सामने उपलब्ध बैंक रेफरेंस नंबर जमा रसीद में दर्ज करना जरूरी है।
भुगतान रसीद, जरूरी दस्तावेज और आगे की प्रक्रिया के संबंध में हज कमेटी अलग से सर्कुलर जारी करेगी।