लखनऊ। रमजान के आखिरी जुमा अलविदा की नमाज के बाद शुक्रवार को मजलिस ए उलेमा ए हिंद ने आसिफी मस्जिद के बाहर विश्व कुद्स दिवस पर फलस्तीनियों के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने इस्राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू का पोस्टर फूंककर नाराजगी जताई।
मजलिसे उलमा ए हिंद के महासचिव मौलाना सैयद कल्बे जवाद नकवी ने कहा, अमेरिकी जनता ने फिर से ऐसा राष्ट्रपति चुना है जो दुनिया की शांति के लिए खतरनाक साबित होगा।
कहा, सरकार से फलस्तीनियों के लिए वही नीति अपनाने की मांग करते हैं जो आजादी के बाद महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने अपनाई थी। आलमनगर मस्जिद में मौलाना सैयद रजा हसन की अगुवाई में नमाजियों ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद ईमेल के जरिये संयुक्त राष्ट्र को पांच सूत्रीय ज्ञापन भेजा गया है। इस दौरान मौलाना सईदुल हसन नकवी, मौलना इकबाल हैदरी, मौलाना मुशाहिद आलम रिजवी, मौलाना अकील आदि मौजूद रहे।