प्रांतीय चिकित्सा सेवा एसोसिएशन ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को 80 चिकित्साधिकारियों के आवेदन भेजे हैं। इनके दस्तावेजों की पड़ताल कर तबादला निरस्त करने की मांग की है। साथ ही यह भी मांग की गई है कि तबादले में गड़बड़ी मामले में उच्च स्तरीय अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग में हुए तबादले के मामले में करीब चार सौ से अधिक आवेदन पत्रों को एसोसिएशन शासन में भेज चुका है। मंगलवार को 80 आवेदन और भेजे गए हैं। इसमें ज्यादातर लेवल-3 से ऊपर के हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सचिन वैश्य, महासचिव डॉ. अमित सिंह ने बताया कि शासन को पत्र सौंपा गया है। गलत स्थानांतरण निरस्त करने की मांग की गई है।
विभागवार मांगे जा रहे हैं कर्मचारियों के विवरण
तबादले में गड़बड़ी की आग थम नहीं रही है। अब निदेशक (प्रशासन) डॉ. राजागणपति आर ने सभी विभागाध्यक्षों से रिपोर्ट तैयार करने वाले कर्मचारियों के नाम पूछे हैं। भेजे गए पत्र में कहा गया है कि शासन की ओर से तबादला संबंधित पत्रावलियां देखने वाले कर्मचारियों को निलंबित करने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत अपने-अपने विभाग के दोषी कर्मचारियों को चिह्नित कर उनकी सूची उपलब्ध कराई जाए।