ज्ञापन सौंपते राष्ट्रीय मजदूर किसान यूनियन के पदाधिकारी।
नगराम। नगर पंचायत नगराम की जर्जर मुख्य सड़क व साइफन की मरम्मत कराए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय मजदूर किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने सोमवार को अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत को संबोधित मांग पत्र अधिशाषी अधिकारी कार्यालय के लिपिक मोहम्मद कुद्दूस को दिया।
मांग पत्र में बताया गया कि बस स्टॉप चौराहे से बैजू तिराहे तक काफी अरसे से गड्ढायुक्त हो चुकी सड़क पर नगर पंचायत ने मात्र गिट्टी व डस्ट डाल कर छोड़ दिया। अभी तक डामरीकृत नहीं किया जा सका, ऐसे में चारपहिया वाहनों के गुजरने पर गिट्टियां छिटक कर दूर गिरती हैं। इससे राहगीर चोटिल हो सकते हैं। किसान नेता हरिपाल वर्मा ने नगर पंचायत प्रशासन पर आरोप लगाते हुए बताया कि कटरा नगराम मोहल्ले में स्थित तालाब के जल निकासी के लिए बनाया गया साइफन एक साल से टूटा पड़ा है, अधिशाषी अधिकारी व नगर पंचायत अध्यक्ष इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। यदि एक माह के अंदर सड़क व साइफन की मरम्मत न कराईं गई तो संगठन के कार्यकर्ता नगर पंचायत कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने को विवश होंगे।