लखनऊ। माल में गल्ला कारोबारी तेज नारायण त्रिवेदी उर्फ तेजा की हत्या के मामले में उनके छोटे बेटे पुलिस विभाग में तैनात दरोगा ने मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रस्तुत होकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। वहीं, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने वारदात के खुलासे में बरती जा रही शिथिलता को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है, जिसमें मामले की जांच सीबीसीआईडी से कराने की मांग की है।
माल के अटारी गांव में बीते 24 अगस्त की देर रात घर के बाहर बरामदे में सो रहे गल्ला कारोबारी तेज नारायण त्रिवेदी उर्फ तेजा (60) की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। तत्कालीन थाना प्रभारी राम सिंह ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले ही आकाशीय बिजली से मौत बता दिया था, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में दो गोली लगने की पुष्टि हुई थी। गैर जिम्मेदाराना बयान देने पर आईजी लक्ष्मी सिंह ने तत्कालीन थाना प्रभारी राम सिंह को निलंबित कर दिया था। तेज नारायण त्रिवेदी के छोटे बेटे प्रवेश त्रिवेदी ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर मामले के खुलासे के लिए प्रयासरत है। वहीं, पीड़ित परिवार उच्चस्तरीय जांच में हो रही देरी के चलते खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
प्रवेश त्रिवेदी ने कुछ दिनों पहले जन सुनवाई पोर्टल पर गृह विभाग को शिकायती पत्र भेजकर सीबीसीआईडी जांच कराने की मांग की थी। प्रवेश ने मुख्यमंत्री कार्यालय जाकर संदिग्धों का पॉलीग्राफ व नार्को टेस्ट कराने सहित सीबीसीआईडी जांच कराने की मांग के लिए प्रार्थनापत्र दिया है। केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर हत्याकांड के खुलासे के लिए सीबीसीआईडी से जांच कराने की सिफारिश की है।