अमृतसर से हावड़ा जा रही डुप्लीकेट पंजाब मेल की आरक्षित बोगी में शनिवार को महिला ने बच्ची को जन्म दिया।
ट्रेन के लखनऊ पहुंचने पर रेलवे के डॉक्टर ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। मुगलसराय निवासी संगीता (23) अपने पति के साथ ट्रेन 13050 डुप्लीकेट पंजाब मेल से अमृतसर से रवाना हुई थीं।
ट्रेन की बोगी एस चार में सीट संख्या 68 और 69 पर उनका आरक्षण था। ट्रेन शनिवार सुबह करीब 10:45 बजे हरदोई से कुछ आगे निकली ही थी कि संगीता को प्रसव पीड़ा होने लगी।
ट्रेन के टीटीई ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम से जानकारी मिलते ही ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर ने रेलवे चिकित्सालय को फोन कर डॉक्टर की मांग की।
इधर ट्रेन में यात्रा कर रहीं कुछ महिलाओं ने आसपास की सीटें खाली करवा दी। ट्रेन के बालामऊ के पास पहुंचते ही संगीता ने एक बच्ची को जन्म दिया।
ट्रेन 11:30 बजे लखनऊ पहुंची। यहां रेलवे के डॉक्टर एसआर सिंधी ने संगीता का प्राथमिक उपचार किया। लखनऊ में न उतरकर संगीता ट्रेन से आगे मुगलसराय के लिए रवाना हो गईं।