लखनऊ। ठाकुरगंज के सरीपुरा में सोमवार सुबह सीतापुर के मछरेहटा निवासी फूड डिलीवरी बॉय कुलदीप मिश्रा (19) का शव खेत में पेड़ से लटका मिला। पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसकी बाइक मिली, लेकिन मोबाइल फोन गायब था।
बहनोई सरीपुरा निवासी सर्वेश ने बताया कि कुछ दिन से कुलदीप उनके साथ रह रहा था। रविवार रात दस बजे कुलदीप ने बहन राधा से कुछ देर बाद आने की बात कही और बाइक से कहीं निकल गया। देर रात तक उसके न लौटने पर सर्वेश और राधा ने कॉल लगाई तो कुलदीप का मोबाइल फोन स्विच ऑफ जाने लगा। सर्वेश ने बताया कि सोमवार सुबह कुछ लोगों ने कुलदीप का शव खेत में बड़हल के पेड़ से बनियान के सहारे लटके होने की जानकारी दी। घटना की जानकारी ठाकुरगंज पुलिस को दी गई। राधा ने पुलिस से मौखिक रूप से भाई के फोन की कॉल डिटेल की जांच की मांग की। कुलदीप के परिवार में पिता नरेंद्र मिश्रा, मां रामदेवी और छोटा दिव्यांग भाई प्रदीप है। इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि फिलहाल घरवालों ने कोई तहरीर नहीं दी है।