रायबरेली। जिले से गुजरने वाली ट्रेनों की समय सारिणी फिर बिगड़ने लगी है। होली के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेनें भी लेटलतीफी का शिकार है। पंजाब मेल, इंटरसिटी, पद्मावत व ऊंचाहार एक्सप्रेस समेत लगभग सभी ट्रेनें देर से पहुंचने से यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा। मंगलवार को दिल्ली से वाराणसी जाने वाली स्पेशल ट्रेन साढ़े सात घंटे देर से सुबह की जगह दोपहर में पहुंची।
लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस सवा दो घंटे, दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस दो घंटे, देहरादून-बनारस जनता मेल, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल, चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, बनारस-लखनऊ एक्सप्रेस सवा घंटे, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रयागराज-लखनऊ गंगा गोमती एक्सप्रेस एक घंटे, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस, प्रतापगढ़-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस पौन घंटे देर से पहुंची। गोरखपुर और प्रयागराज के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अप-डाउन दोनों 10 से 15 मिनट लेट पहुंची।
सोमवार को देर रात कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस चार घंटे, बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस सवा दो घंटे, नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, जौनपुर-रायबरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस दो घंटे, प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर डेढ़ घंटे, प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस एक घंटे विलंब से आई।
स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि होली के मद्देनजर चलने वाली स्पेशल ट्रेनें पिछले स्टेशन से विलंब से आ रही है। जिले में किसी ट्रेन का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।