दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में हिंसा करने वाली भीड़ का हिस्सा रहे प्रदेश के कई किसानों को चिह्नित किया है। इस क्रम में दिल्ली पुलिस यूपी ने कुल पांच जिलों के चिह्नित किसानों को नोटिस भी भेजा है। बागपत में नौ किसानों को अब तक नोटिस मिल चुका है।
इन्हें बयान दर्ज करने के लिए दिल्ली के सीमापुरी पुलिस स्टेशन तलब किया गया है। नोटिस देने के मामले में यूपी पुलिस दिल्ली पुलिस का सहयोग कर रही है।
गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा की जांच के तहत दिल्ली पुलिस ने वीडियो फुटेज कर किसानों को चिन्हित करने की कवायद शुरू की है। इस पड़ताल में यूपी के कई किसानों को चिन्हित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें कई वीडियो दिल्ली के नागरिकों ने मुहैया कराए हैं।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि वह इन फुटेज से हासिल साक्ष्य को उन्नत फोरेंसिक सॉफ्टवेयर की मदद से इसे पुख्ता सबूत के तौर पर कोर्ट में पेश करेगी। मालूम हो कि हिंसा में शामिल रहे 50 से ज्यादा लोगों की तस्वीरें भी पुलिस जारी कर चुकी है और कई की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।