जमीन मालिक, गवाह से पूछताछ
दूसरी ओर एटीएस ने परवेज को जमीन बेचने वाले मड़ियांव निवासी इश्तियाक से आज गहन पूछताछ की। इसके अलावा जमीन की रजिस्ट्री होने के दौरान गवाही देने वाले फैजान नामक युवक को भी एटीएस मुख्यालय बुलाकर पूछताछ की गई है। एटीएस को दूसरे गवाह की भी तलाश है, जिसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
शाहीन और परवेज पर फोकस
सूत्रों की मानें तो यूपी एटीएस अपनी जांच को डॉ. शाहीन और उसके भाई डॉ. परवेज पर केंद्रित कर कदम बढ़ा रही है। खासकर डॉ. परवेज के मोबाइल पर मिले कई नंबरों को चिन्हित करने के बाद उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। फिलहाल एटीएस को अभी तक पूछताछ में किसी के संदिग्ध होने का सुराग नहीं मिला है, जिसकी वजह से उन्हें हिरासत में नहीं लिया गया है।
जमात-ए-इस्लामी पर भी नजर
वहीं दूसरी ओर एटीएस जम्मू-कश्मीर में प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी के यूपी कनेक्शन को भी खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस संगठन से जुड़े कौन से लोग यूपी में आते रहते है और कहां पर ठहरते हैं। इस संगठन के यूपी में पैर पसारने की आशंका के दृष्टिगत एजेंसियां चौकन्नी हो गई हैं।