रायबरेली। प्रयागराज में चल रहे काम की वजह से ऊंचाहार एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को देर तक रोके जाने से लेटलतीफी बढ़ गई है। कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी होने से ज्यादातर गाड़ियां विलंब से पहुंचीं। इससे रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को कई घंटों तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
शनिवार को चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस लालगंज स्टेशन पर सुबह सवा दो घंटे विलंब से पहुंची, लेकिन आधे घंटे तक रुकी रही। इसके बाद डलमऊ और जलालपुर धई में भी देर तक रोका गया। इससे लेटलतीफी बढ़कर तीन घंटे से ज्यादा हो गई। शाम को प्रयागराज से चंडीगढ़ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस देर से चलाई गई, जिससे करीब साढ़े चार घंटे विलंब से इस जिले से होकर गुजरी।
लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस भी सुबह कई जगह रोकी गई। रायबरेली स्टेशन पर आधे घंटे देरी से पहुंची और 15 मिनट खड़ी रही। यह गाड़ी ऊंचाहार पहुंची तो फिर 15 मिनट तक खड़ी रही। बीच में भी कई जगह रोका गया, जिससे लेटलतीफी एक घंटे से ज्यादा हो गई। यातायात निरीक्षक बाल मुकुंद ने बताया कि प्रयागराज में काम चल रहा है, जिसकी वजह से ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर देर तक रोका गया।