भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बहाने लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया की पुत्रवधु रेशू भाटिया भी सक्रिय राजनीति में उतर गई हैं। कार्यसमिति के लिए राजधानी में रेशू भाटिया के नाम से बड़ी संख्या में पोस्टर बैनर लगाए गए हैं। लखनऊ कैंट से दो बाहर विधायक रहे सतीश भाटिया की पत्नी संयुक्ता भाटिया 2017 में लखनऊ की महापौर बनीं थीं। संयुक्ता भाटिया के बेटे प्रशांत भाटिया आरएसएस में प्रांत कार्यकारिणी के सदस्य हैं, इससे पहले वे प्रांत सह-कार्यवाह थे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपने ससुर की लखनऊ कैंट सीट से विधानसभा की दावेदारी पेश करने की तैयारी कर रहीं हैं।
चुनाव लड़ना है तो इस्तीफा दो
भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में तय किया गया है कि किसी भी प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं महामंत्री, जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी के परिवार के सदस्य पंचायत चुनाव नहीं लड़ेंगे। पार्टी ने साफ किया है कि यदि किसी भी पदाधिकारी या उनके परिवार के सदस्य को चुनाव लड़ना है तो पहले अपने पद से इस्तीफा देना होगा। विधायक और सांसद के परिवार के सदस्य भी चुनाव नहीं लड़ेंगे। पार्टी ने तय किया है काडर के कार्यकर्ता को ही चुनाव लड़ाया जाएगा। साथ ही जिन पूर्व विधायक, पूर्व सांसदों को संगठन या सरकार में जगह नहीं मिली है यदि वे चुनाव लड़ना चाहते हैं तो सर्वसम्मति से उस बारे में निर्णय किया जाएगा।
नीचे से तय होंगे उम्मीदवारों के नाम
पंचायत चुनाव में उम्मीदवारों के नाम के लिए मंडल स्तर पर पैनल बनाया जाएगा। मंडल स्तर पर मंडल अध्यक्ष और मंडल प्रभारी उनके वार्ड के उम्मीदवारों का पैनल बनाकर जिले की टीम को देंगे। जिले में जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, सांसद और विधायक मिलकर जिले के सभी वार्डों के उम्मीदवार का पैनल बनाकर क्षेत्रीय टीम को देंगे। क्षेत्रीय टीम के जरिए उसे प्रदेश मुख्यालय में प्रस्तुत किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि उम्मीदवारों की घोषणा प्रदेश मुख्यालय से ही की जाएगी।
19 से 25 तक मनाएंगे योगी सरकार के चार वर्ष का जश्न
योगी सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 19 से 25 मार्च तक प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 19 मार्च को प्रभारी मंत्री जिलों में सरकार की उपलब्धियों को लेकर प्रेसवार्ता करेंगे। संगठन की ओर से भी उसमें सहयोग किया जाएगा। जिलों में लगने वाले जनकल्याण मेले में भी संगठन सहयोग करेगा। पार्टी की ओर से ब्लॉक स्तर पर किसानों, मंडल स्तर पर महिलाओं और जिला पंचायत वार्ड स्तर पर युवाओं के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।