अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह
- फोटो : amar ujala
हज हाउस में एचएएल की ओर से राज्य सरकार के सहयोग से बनाए गए 255 बेड के कोविड अस्पताल में भर्ती प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। इससे पहले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दौरा कर यहां की व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही उम्मीद जताई कि इस अस्पताल के शुरू होने से कोरोना के गंभीर रोगियों को समय से इलाज मिल सकेगा। रक्षा मंत्री व सीएम ने अवध शिल्प ग्राम मे डीआरडीओ के अस्पताल का भी दौरा किया।
एचएएल कोविड अस्पताल में शाम तक कुछ मरीज भर्ती हो गए थे। कुल 255 बेड का यह अस्पताल एल-2 और एल-3 बेड की सुविधा से लैस है। यहां 25 वेंटिलेटर, 100 एचएफएनसी बेड व 130 ऑक्सीजनयुक्त बेड हैं। अस्पताल में ट्राएज एरिया के साथ भर्ती मरीजों की सेहत की जानकारी उनके परिवारीजन को देने के लिए हेल्पडेस्क भी बनाई गई है। इसके जरिये रोजाना दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मरीजों का हाल जान सकेंगे। वहीं, कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से रोगियों की निगरानी होगी। इसके बाद रक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री अवध शिल्पग्राम स्थित डीआरडीओ के अस्पताल का भी निरीक्षण करने गए। इस दौरान कानून मंत्री बृजेश पाठक, मंत्री महेंद्र सिंह, डीएम अभिषेक प्रकाश समेत कई अधिकारी थे।