Defaulters will not get LDA's property
लखनऊ। संपत्ति आवंटित कराने के बाद पैसा जमा न करने वाले खरीदारों पर अब एलडीए कार्रवाई करेगा। 15 दिन में बकाया किस्तें जमा नहीं कीं तो आवंटन निरस्त कर फ्लैटों को दोबारा ‘पहले आओ, पहले पाओ’ योजना में बेचा जाएगा। पहले चरण में 50 प्रतिशत से कम पैसा जमा वाले ऐसे करीब 2100 आवंटियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
सचिव पवन गंगवार ने बताया कि ऐसे आवंटियों की सूची तैयार की जा रही है। संपत्ति विभाग से इन्हें नोटिस जाएगा। अभी तक एलडीए एकमुश्त समाधान योजना लागू होने से आवंटन निरस्त नहीं कर पा रहा था। यह योजना 31 दिसंबर को खत्म हो चुकी है। इसके बाद भी करीब 2100 डिफॉल्टरों ने आवेदन नहीं किया है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि इन्हें इन संपत्तियों की जरूरत नहीं है। ऐसे में अब इन संपत्तियों को उन लोगों को आवंटित किया जाएगा, जिन्हें वाकई इनकी जरूरत है।
900 संपत्तियों में 25 प्रतिशत से भी कम जमा
संपत्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि करीब 900 संपत्तियों में 25 प्रतिशत से भी कम पैसा जमा है। कई ऐसी संपत्तियां भी हैं जिनका सिर्फ पंजीकरण का ही पैसा जमा है। माना जा रहा है कि ये संपत्तियां एलडीए के ही कर्मचारियों या उनके नजदीकी लोगों को आवंटित हो सकती हैं। इस वजह से कभी इनके खिलाफ कार्रवाई भी नहीं हुई।
अंतिम नोटिस देगा एलडीए
प्रभारी अधिकारी संपत्ति डीके सिंह का कहना है कि अभी नोटिस में 15 दिन का समय पैसा जमा करने के लिए दिया जाएगा। इसके बाद पब्लिक नोटिस जारी कर आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।