फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चीन से फीका रहा जापान का सफर: प्रतिभागी घटे और पदक भी, जानिए एशियाई खेलों में यूपी का पूरा रिपोर्ट कार्ड

Mon, 05 Oct 2026 08:43 AM IST
Bhupendra Singh अनुराग बाजपेई, अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

एशियाई खेलों में चीन की अपेक्षा जापान का सफर फीका रहा। प्रतिभागी घटने के साथ ही पदक भी घट गए। हालांकि, स्टार एथलीट गुलवीर राष्ट्रमंडल की सफलता को दोहराने में सफल रहे। आगे पढ़ें और जानिए उत्तर प्रदेश का पूरा रिपोर्ट कार्ड...
विज्ञापन
गुलवीर सिंह - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झांगझोऊ (चीन) एशियाई खेलों की तुलना में आइची- नागोया (जापान) एशियाई खेल यूपी के लिहाज से फीके साबित हुए। हांगझोऊ में जहां यूपी के 39 खिलाड़ियों ने भाग लेकर सात स्वर्ण, नौ रजत और नौ कांस्य पदक अपने नाम किए थे, वहीं जाइची-नागोया में भाग लेने वाले करीब 30 खिलाड़ियों के खाते में पांच स्वर्ण, तीन रजत और आठ कांस्य पदक आए। कुल मिलाकर प्रतिभागियों की संख्या घटने के साथ ही पदकों की संख्या भी घट गई है।

विज्ञापन


16 दिनों तक चले खेल महाकुंभ में राष्ट्रमंडल खेलों में नायक बनकर उभरे अलीगढ़ के गुलवीर सिंह का जादू एशियाई खेलों में भी बोला। उन्होंने सर्वाधिक तीन पदक (दो रजत व एक कांस्य) जीते। 

कैसा रहा खिलाड़ियों का प्रदर्शन

इसके अलावा सहारनपुर की एथलीट प्राची चौधरी ने दो पदक (एक स्वर्ण व एक कांस्य), गौतमबुद्धनगर के एथलीट जयकुमार ने दो पदक (एक रजत व एक कांस्य), मेरठ की एथलीट पारुल चौधरी ने दो पदक (दोनों कांस्य) और मेरठ के तीरंदाज नीरज चौहान ने दो पदक (एक रजत और एक कांस्य) अपने नाम किए। 

खेलों में भाग लेने वाले पदक के प्रबल दावेदारों की बात की जाए तो राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली मुरादाबाद की जूडोका अस्मिता डे आशा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सकीं और पांचवें स्थान पर फिसल गईं।

विज्ञापन

खिलाड़ियों पर होगी धनवर्षा

भले ही यूपी के खिलाड़ी आशा के अनुरूप राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में प्रदर्शन नहीं कर सके हैं, लेकिन यूपी सरकार की ओर से इन खेलों में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को जारी शासनादेश के अनुसार सम्मानित करेगी। इसके अंतर्गत राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेता को क्रमश: डेढ़ करोड़, 75 लाख और 50 लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि एशियाई खेलों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को क्रमश: तीन, डेढ़ और 75 लाख रुपये दिए जाएंगे। 

इसके अलावा पदक विजेता खिलाड़ियों शासनादेश के अनुसार राजपत्रित अधिकारी भी बनाया जाएगा। खेलों में प्रतिभाग करने वाले यूपी के सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे।

एशियाई खेलों के पदक विजेता खिलाड़ी

  • स्वर्ण- राजकुमार पाल (हॉकी टीम वर्ग- गाजीपुर), दीप्ति शर्मा (क्रिकेट टीम वर्ग- आगरा), विप्रज निगम (क्रिकेट टीम वर्ग- बाराबंकी), अर्जुन देशवाल (कबड्डी टीम वर्ग- मुजफ्फरनगर), प्राची चौधरी (एथलेटिक्स चार गुणे 400 मीटर रिले- सहारनपुर)। 
  • रजत- गुलवीर सिंह (एथलेटिक्स 10000 मीटर और 1500 मीटर - अलीगढ़), जयकुमार (एथलेटिक्स चार गुणे 400 मीटर मिक्स रिले- गौतमबुद्धनगर)। 
  • कांस्य- गुलवीर सिंह (एथलेटिक्स 5000 मीटर- अलीगढ़), मेराज अहमद खान (निशानेबाजी स्कीट टीम इवेंट- बुलंदशहर), सलमान खान (रोइंग डबल स्कल- अमेठी), प्राची चौधरी (एथलेटिक्स 400 मीटर- सहारनपुर), पारुल चौधरी (एथलेटिक्स 3000 मीटर स्टीपल चेज और 15000 मीटर- मेरठ), रोहित यादव (एथलेटिक्स जैवलिन थ्रो- जौनपुर), जय कुमार (एथलेटिक्स चार गुणे 400 मीटर रिले- गौतमबुद्धनगर)।
विज्ञापन

राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता

स्वर्ण- अस्मिता डे (जूडो 48 किग्रा- मुरादाबाद), गुलवीर सिंह (एथलेटिक्स 10000 मीटर- अलीगढ़), गुलवीर सिंह (एथलेटिक्स 5000 मीटर- अलीगढ़)।

खेल निदेशक आरपी सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश खेलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। भारत के कुल जीते पदकों में यूपी का पांचवां हिस्सा है। उम्मीद है कि आने वाले समय में पदक संख्या में और इजाफा होगा। हमारी योजना है कि राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को एक साथ सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री से समय मांगा गया है। जल्द से जल्द खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें