जिले के भदोखर थाना क्षेत्र में पेड़ के नीचे जामुन खा रहे सात बच्चे बिजली गिरने से बुरी तरह झुलस गए। अमेठी के मोहनगंज के निवासी मो. अनीश (15) के ऊपर बिजली गिर गई। बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र के बेला मकन गांव में एक घर में बिजली गिरने से चाची रीना व भतीजी शिवानी ने दम तोड़ दिया।
पास में बैठा भतीजा दामोदर भी झुलस गया। वहीं हुजूरपुर में आम बीनने गई रीता (7) की बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई। वहीं उसकी छोटी बहन संगीता झुलस गई। वहीं सीतापुर के तंबौर में आंधी व बारिश के बीच एक घर की दीवार ढह गई। हादसे में कानपुर से मेहमानी में आए उदित कुमार(28) की मौत हो गई।
उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव नेवल निवासी राममोहन पंडा (65) एवं गांव के अरुण कुमार राठौर का बेटा अमन (11) निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे। रात करीब दो बजे तेज आंधी से छप्पर व लेंटर चारपाई पर गिर गया, जिससे दबकर दोनों की मौत हो गई। गांव कैथोली में मुलई (70) की मौत सोते समय झोपड़ी गिरने से हो गई। सफीपुर तहसील क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी बाबूलाल (45) पुत्र छोटेलाल पर शुक्रवार सुबह खेत में बिजली गिर गई जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं बांदा जिले के थरी गांव में बिजली गिरने से 55 वर्षीय अतबल की मौत हो गई। उधर प्रतापगढ़ के लक्ष्मणपुर गांव की रहने वाली प्रीती सरोज (16) की बिजली गिरने से मौत हो गई।