लखनऊ। ठाकुरगंज के सरफराजगंज निवासी समर इमाम रिजवी (48) ने सोमवार को अपनी स्टेशनरी की दुकान में फंदे से लटक कर जान दे दी। उनके पास मिले सुसाइड नोट में कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी है।
पुलिस के मुताबिक समर के घर से कुछ दूरी पर उनकी स्टेशनरी की दुकान है। दोपहर को जब वह खाना खाने घर नहीं आए तो उनके पिता सैयद गुलाम इमाम दुकान पहुंचे। उन्हें दुकान का आधा शटर बंद मिला। अंदर जाकर देखा तो समर का शव फर्श पर पड़ा था और छत के पंखे से दुपट्टा लटक रहा था। शाम करीब छह बजे मृतक के पिता ने पुलिस को इसकी सूचना दी। आम्रपाली चौकी प्रभारी राज बहादुर सिंह ने बताया कि आशंका है कि फंदे की गांठ खुलने से उनका शव फिसलकर नीचे गिर गया। पुलिस के मुताबिक समर ने सुसाइड नोट में लिखा है कि वह कर्ज से परेशान होकर ही आत्महत्या कर रहे हैं। उनके घर में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है।