लखनऊ। हजरतगंज के वजीर हसन रोड स्थित राजेश पोद्दार की कोठी में बृहस्पतिवार को गेट लग रहा था। शाम को अचानक भारी भरकम गेट गिर गया। उसके नीचे दबकर अमित कुमार (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां मौत हो गई। वही परिवारीजन का आरोप है कि पेशे से ठेकेदार राजेश पोद्दार ने उनके बेटे की हत्या कर शव का अंतिम संस्कार करने की कोशिश की। समय से पहुंचने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं जिस गाड़ी पर अमित को ले जाया जा रहा था। उसे कब्जे में ले लिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज श्याम बाबू शुक्ला के मुताबिक, अलीगंज के बड़ा चांदगंज के रहने वाले रामपाल का बेटा अमित कुमार ने कुछ दिन पहले वजीर हसन रोड पर रहने वाले ठेकेदार राजेश पोद्दार के घर गार्ड काम करना शुरू किया था। बृहस्पतिवार शाम वह ड्यूटी पर मौजूद था। इस दौरान राजेश पोद्दार के घर का मेन गेट लग रहा था, अचानक गेट गिर गया जिसके नीचे दबकर अमित घायल हो गया। राजेश पोद्दार घायल अमित को अपनी गाड़ी में एक निजी अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद अपनी गाड़ी में ही अमित का शव रखकर चांदगंज स्थित मस्जिद के पास लेकर पहुंचे। जहां अमित के परिवारीजन को बुलाया और उन्हें भी अपनी गाड़ी में बैठाकर वह बैकुंठधाम पहुंच गए। परिवारीजन को बताया कि अमित का एक्सीडेंट हो गया है जिसमें उसकी मौत हो गई है। पिता को संदेह हुआ तो कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैकुंठधाम से अमित के शव को कब्जे में ले लिया। वहीं ठेकेदार की गाड़ी भी थाने में रखवा दी। प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला के मुताबिक, देर रात तक पीड़ित परिवारीजन ने तहरीर नहीं दी थी। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।