काकोरी के एक गांव में क्वारंटीन सेंटर में रहने वाले युवक की मंगलवार रात मौत होने से हड़कंप मच गया। उसे तेज बुखार के साथ सांस लेने में तकलीफ थी। एंबुलेंस से उसे पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे केजीएमयू भेजा गया। रास्ते में ले जाते वक्त उसने दम तोड़ दिया। एंबुलेंस उसे वापस गांव छोड़ गई। पुलिस ने टीम बुलाकर परिवार वालों के साथ मृतक का नमूना जांच को भेजा है।
काकोरी के सिमरामऊ का निवासी 22 वर्षीय युवक छह दिन पूर्व हरियाणा से आया था। उसे गांव के बाहर बने स्कूल में क्वारंटीन किया गया था। तभी से वह बीमार चल रहा था। मंगलवार देर शाम उसे तेज बुखार आया।
परिजनों की सूचना पर 108 एंबुलेंस रात आठ बजे सीएचसी काकोरी ले गई। वहां डॉ. पिनाक त्रिपाठी ने मरीज की हालत देखकर तुरंत केजीएमयू रेफर कर दिया। एंबुलेंस से ले जाते समय रास्ते में युवक की मौत हो गई।