लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय (केएमसीएलयू) ने विद्यार्थियों को राहत देते हुए विषम सेमेस्टर का शुल्क जमा करने और परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 20 नवंबर तक बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी एक हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ सेमेस्टर फीस और 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, बार-बार सूचना देने के बावजूद 124 विद्यार्थियों ने अब तक सेमेस्टर शुल्क जमा नहीं किया है। 548 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा फॉर्म नहीं भरा है। इसे देखते हुए कुलपति के निर्देश पर अंतिम अवसर दिया गया है। विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 30 नवंबर से शुरू होंगी। वहीं, तीन जनवरी 2027 तक परीक्षा परिणाम घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन ने विद्यार्थियों से 20 नवंबर तक सभी औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है। इसके बाद शुल्क और परीक्षा फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे।