फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: 35 की उम्र के बाद मधुमेह का खतरा 13.5 गुना बढ़ा

विज्ञापन
प्रतीकात्मक।
विज्ञापन
लखनऊ। 35 वर्ष की उम्र पार करने के बाद टाइप-2 मधुमेह का खतरा 13.5 गुना बढ़ जाता है। 10 में से सात वयस्क (71 फीसदी) इस बीमारी के मध्यम या उच्च जोखिम में हैं। यह अध्ययन डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स जोधपुर और आइसीएमआर ने मिलकर किया है, जो हाल ही में इंडियन जर्नल ऑफ पब्लिक हेल्थ में प्रकाशित हुआ है।
विज्ञापन

अध्ययन में पाया गया कि मधुमेह अब केवल बुजुर्गों की बीमारी नहीं रही। युवा और अधेड़ भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं। जोधपुर के प्रताप नगर क्षेत्र में 271 वयस्कों पर किए गए सर्वेक्षण में यह बात सामने आई। इनमें 31 प्रतिशत लोग उच्च जोखिम में और 40 प्रतिशत मध्यम जोखिम में पाए गए। केवल 29 प्रतिशत लोगों में मधुमेह का जोखिम कम था। उम्र मधुमेह का सबसे बड़ा जोखिम कारक साबित हुई। 35 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों में टाइप-2 मधुमेह का जोखिम कम उम्र वालों से 13.5 गुना अधिक मिला। परिवार में मधुमेह का इतिहास होने पर जोखिम 6.8 गुना बढ़ जाता है। कमर की परिधि बढ़ने पर जोखिम 5.54 गुना अधिक होता है। शारीरिक रूप से निष्क्रिय रहने पर यह 3.84 गुना अधिक पाया गया।
जोखिम का आकलन
अध्ययनकर्ताओं ने मधुमेह का जोखिम जानने के लिए भारतीय मधुमेह जोखिम स्कोर (आइडीआरएस) का उपयोग किया। इसके साथ ही रैंडम ब्लड शुगर और कमर की परिधि को भी आधार बनाया। आंकड़ों का विश्लेषण एसपीएसएस सॉफ्टवेयर और लॉजिस्टिक रिग्रेशन तकनीक से किया गया। इस अध्ययन में पहले से मधुमेह के मरीज और गर्भवती महिलाओं को शामिल नहीं किया गया था।
विज्ञापन

बचाव के उपाय
अध्ययनकर्ताओं के अनुसार, नियमित व्यायाम मधुमेह के जोखिम को कम कर सकता है। संतुलित खानपान और वजन पर नियंत्रण भी महत्वपूर्ण है। कमर की माप पर नजर रखना और समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच कराना जरूरी है। खासकर 35 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों और परिवार में मधुमेह का इतिहास रखने वालों को नियमित जांच करानी चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें