लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने विषम सेमेस्टर-2026 की परीक्षाओं के ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि फिर बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी सात नवंबर तक बिना विलंब शुल्क और 12 नवंबर तक निर्धारित विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रहित में यह निर्णय लिया है। इसके बाद तिथि बढ़ाने पर विचार नहीं किया जाएगा।
यह सुविधा विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों के स्नातक, परास्नातक और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को मिलेगी। इसके तहत नियमित, बैकपेपर और इम्प्रूवमेंट परीक्षा के फॉर्म भरे जाएंगे। पंचम, सप्तम और नवम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के साथ तृतीय सेमेस्टर के इम्प्रूवमेंट के विद्यार्थी भी आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा विभाग के अनुसार, परिसर के विद्यार्थियों को ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद संबंधित संकायाध्यक्ष या विभागाध्यक्ष कार्यालय में जमा करना होगा। वहीं, संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को फॉर्म और निर्धारित परीक्षा शुल्क अपने कॉलेज में जमा करना होगा। महाविद्यालयों को अपने लॉगिन से फॉर्म अग्रसारित करने के साथ शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।
सभी संकायों और महाविद्यालयों को भरे गए परीक्षा फॉर्म की सूची शुल्क रसीद के साथ 14 नवंबर तक परीक्षा विभाग में जमा करनी होगी। परीक्षा फॉर्म भरने में किसी तरह की तकनीकी समस्या होने पर विद्यार्थी विश्वविद्यालय की हेल्पलाइन नंबर 7897999211 और 7897992064 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं, व्हाट्सएप नंबर 7897992062 पर भी समस्या भेज सकते हैं।