मोहनलालगंज। एक वर्ष पूर्व मर चुके किसान को जिंदा बताकर उसकी जगह दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर फर्जी ढंग से जमीन बेच डाली गई। किसान की पत्नी ने जमीन खरीदने वाले सहित सहित चार के खिलाफ मोहनलालगंज थाने में केस दर्ज कराया है।
पीजीआई के तेलीबाग निवासी विमला देवी की निगोहां के उदयपुर में कृषि योग्य जमीन है। महिला के अनुसार पति अवध राज सिंह की एक वर्ष पहले मौत हो चुकी है। एक माह पूर्व खेत पहुंची तो पता चला कि किसी ने कब्जा कर लिया है। पूछने पर बताया कि उसके पास जमीन के कागजात हैं। महिला ने सीएम पोर्टल पर शिकायत की।
एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा ने जांच कराई तो पता चला कि महिला के मर चुके पति की जगह दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर फर्जी ढंग से जमीन बेची गई थी। बेची गई जमीन की दाखिल खारिज भी हो चुकी है। शुक्रवार को मोहनलालगंज थाने में जमीन खरीदने वाले आशियाना के हेतराम पाल, रायबरेली के कथित वकील के. चंद्रा, पतौना गांव के रज्जन लाल व नगराम के भूपेंद्र नाथ पर मोहनलालगंज थाने में केस दर्ज कराया है।