जीएसटी के राज्यकर अधिकारी का कमरे में मिला शव
लखनऊ। गुडंबा के सेक्टर- एच में रहने वाले जीएसटी के राज्यकर अधिकारी गौरव वर्मा (56) की सोमवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव घर के भीतर मिला। परिजनों ने किसी पर भी कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
अलीगढ़ के रहने वाले गौरव वर्मा अकेले रहते थे। गुडंबा पुलिस के मुताबिक दो दिन से टिफिन वाला आ रहा था, लेकिन दरवाजा बंद मिलता था। सोमवार को जब वह टिफिन लेकर पहुंचा। उसने दरवाजा खटखटाया, पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसकी जानकारी उसने पड़ोसियों को दी। पड़ोसियों ने लखनऊ में रह रही गौरव की मौसी को फोन कर पूरी बात बताई।
पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई तो गौरव का शव बेड पर पड़ा हुआ था। उन्होंने उल्टी भी की थी। गौरव के भाई सौरभ ने बताया कि वह अविवाहित थे। परिजनों ने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों ने हार्ट व विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा है।
घरवालों का नहीं उठ रहा था फोन
गौरव तीन माह पहले सहारनपुर से ट्रांसफर होकर लखनऊ आए थे। वह अभी लोगों से ज्यादा घुले मिले नहीं थे। परिजनों का कहना है कि गौरव फोन नहीं उठा रहे थे। संदेह होने पर वे उनके घर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उधर, मंगलवार को शाम पौने पांच बजे जीएसटी दफ्तर में गौरव की मौत की सूचना मिली। मंगलवार शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों ने गौरव के फोन से एक वाट्स ग्रुप में उनकी मौत की सूचना दी थी। जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गौरव पहले मनोरंजन कर विभाग में तैनात थे।