अमेठी। संग्रामपुर ब्लॉक के मिसरौली बड़गांव ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में गंभीर अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मंगलवार को जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने शपथ पत्र के साथ जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए कहा कि क्षेत्र में सरकारी योजनाओं की जमीनी स्तर पर कोई प्रगति नहीं हुई है।
ग्रामीण रामकृष्ण यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नहर के पुल से गरीबी का पुरवा संपर्क मार्ग पर खड़ंजा निर्माण के लिए एक वर्ष पहले रुपये निकाले गए, जबकि अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ। मिश्रौली गांव में नाली निर्माण के लिए भी एक साल पहले बजट आवंटित किया गया था, लेकिन नाली का निर्माण आज तक अधूरा है। आरोप यह भी है कि वर्ष 2021-22 में करीब 30 रीबोर ऐसे स्थानों पर कराए गए, जहां पहले से ही नल नहीं थे, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों के संचालन के लिए ग्रामसभा की एक महिला को नियुक्त किया गया था, लेकिन उनका वेतन यह कहकर काट लिया गया कि शौचालय में मोटर लगवानी है, जबकि मोटर के लिए धनराशि पहले ही खर्च की जा चुकी है। ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डीएम ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।