मड़ियांव थानाक्षेत्र में पल्टन छावनी ट्यूबवेल पार्क के पास सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में पांच स्ट्रीट डॉग थोड़ी-थोड़ी दूर पर मृत पड़े मिले। सुबह सड़क पर स्वानों के शव पड़े देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस पहुंची तो कुत्तों को जहर देकर मारने का आरोप लगाया गया। इसके बाद पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पल्टन छावनी निवासी अधिवक्ता ऋचा सिंह ने बताया कि सोमवार तड़के तीन से चार बजे के बीच 12 स्वानों को जहर देकर मारने का प्रयास किया गया। इनमें से पांच स्वानों के शव ट्यूबवेल पार्क के पास संदिग्ध हालात में पड़े मिले।
ऋचा सिंह का आरोप है कि उनके मोहल्ले में कई लोग स्वानों को पसंद नहीं करते हैं। ऋचा ने इसकी तहरीर भी मड़ियांव थाने में दी। प्रभारी निरीक्षक मड़ियांव अनिल कुमार सिंह ने बताया कि ऋचा सिंह की तहरीर पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।