लखनऊ। मानकनगर इलाके में शिवम प्रिंटर्स में काम करने वाले सत्य प्रकाश उर्फ सोनू (30) का शव बुधवार को प्रिंटिंग प्रेस में लटका मिला। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने प्रिंटिंग प्रेस मालिक राजेश शर्मा पर हत्या का आरोप लगाते हुए विजयनगर पुरानी पुलिस चौकी के पास शव रखकर एक घंटे तक प्रदर्शन किया। हत्या का केस दर्ज होने के बाद परिजन शांत हुए।
कृष्णानगर के अलीनगर सुनहरा लालाखेड़ा निवासी सत्य प्रकाश उर्फ सोनू छह साल से मानकनगर के सिंधी कॉलोनी स्थित शिवम प्रिंटर्स में छपाई मशीन पर काम करते थे। बुधवार दोपहर करीब दो बजे उनका शव संदिग्ध हालात में प्रिंटिंग प्रेस में ही लगे दरवाजे में गमछे के सहारे लटका मिला। प्रेस मालिक की सूचना पर पर परिजन उनको लोकबंधु अस्पताल ले गए, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों ने राजेश पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। एफआईआर कॉपी मिलने के बाद ही परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। परिवार में पत्नी प्रियंका, तीन वर्ष का बेटा सुशांत, आठ माह की बेटी श्रुति, मां व भाई शांति प्रकाश यादव है। एसओ अजीत कुमार ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है।