पांच दिन से लापता हुए बीटेक छात्र रवि मिश्रा (23) का शव मिलने के बाद पिता जयप्रकाश मिश्रा ने उसके दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। अलीगंज से लापता रवि का शव मंगलवार दोपहर समतामूलक चौराहे के पास नदी में मिला था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रवि के पिछले हिस्से में गहरी चोट पाई गई, हालांकि मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने आगे की जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा है। अपर पुलिस अधीक्षक ट्रांस गोमती हरेंद्र कुमार का कहना है कि मृतक के पिता ने महानगर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर गुमशुदगी को हत्या की धाराओं में बदला जाएगा।
एएसपी ट्रांस गोमती ने बताया कि रवि रामस्वरूप इंजीनियरिंग कॉलेज के पास हॉस्टल में रहकर बीटेक अंतिम वर्ष (सिविल) की पढ़ाई कर रहा था। वह मूलरूप से देवरिया के मठीया तिवारी गांव का रहने वाला था।
उसके साथ कॉलेज का ही सहपाठी गोंडा निवासी छात्र रहता था। 13 सितंबर को वह हॉस्टल छोड़कर अलीगंज सेक्टर-सी निवासी अपने दोस्त के कमरे में शिफ्ट हो गया। उसके पिता का कहना है कि 14 सितंबर को उनके बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। रवि घर छोड़कर चला गया।