कड़कड़ाती ठंड, घना कोहरा, हांड़ कंपा देने वाली गलन। बिना किसी जरूरी काम के जब लोग रजाई से बाहर निकलने में घबराते हैं। जरा सोचिए ऐसे में कोई अगर पैदा होेते ही किसी बच्चे को ऐसी ठिठुरन भरी ठंड में खुले आसमान के नीचे फेंक दे तो उसका क्या हाल होगा।
हुआ भी कुछ ऐसा ही। नाजुक सी नन्ही जान ने दम तोड़ दिया। पता तब चला जब कुत्ते उस नवजात को नोचकर खा रहे थे। लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर की पार्किंग में सोमवार सुबह नवजात बच्चे का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
इसी बीच वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। उसे कुत्ते नोच रहे थे। यह देख पार्किंग ठेकेदार ने कुत्तों को वहां से हटाकर मामले की सूचना ट्रॉमा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि किसी ने नवजात का शव यहां पर लाकर फेंका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से फुटेज निकलवाकर नवजात को फेंकने वाले की तलाश कर रही है।