राजधानी के सबसे व्यस्त माने जाने वाले हजरतगंज में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।
एनईआर के डीआरएम ऑफिस के पीछे मौजूद एक खंडहर में एक युवक की लाश मिलने से हर कोई सकते में हैं। अमर उजाला को मिली जानकारी के मुताबिक, यह लाश करीब पांच दिन से यहां लटक रही थी।
इसकी जानकारी डीआरएम ऑफिस के ही एक कर्मचारी ने बुधवार सुबह पुलिस को दी। उसके मुताबिक, किसी चीज की सड़ांध की वजह से वह खंडहर की ओर गया था। वहां लाश लटकती देख उसने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। अभी तक लाश की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस को युवक की शर्ट की जेब से एक विजिटिंग कार्ड जरूर मिला है, जो काफी पुराना हो चुका है।
पुलिस को उस पर सिर्फ एक शब्द 'नागालैंड' ही पढ़ने में आ रहा है। इसलिए, पुलिस को यह भी आशंका है कि युवक कहीं नागालैंड का तो नहीं।
शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि, आस-पास के लोग इसे हत्या की वारदात बता रहे हैं।