ठाकुरगंज में जल निगम बंधा ढाल के पास रविवार सुबह 55 वर्षीय पप्पू का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर इलाकाई लोगों की भीड़ जुट गई। चेहरे पर चोटों के निशान देखकर लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि पप्पू शराब का लती था। वह कई साल से पास ही स्थित झोपड़ी में कमला देवी नाम की महिला के साथ रह रहा था। कमला के पति की मौत हो चुकी है और उसके तीन बेटे हैं जो दिल्ली में रहकर नौकरी कर रहे हैं। चार दिन पहले कमला की भी बीमारी से मौत हो गई थी। वह मूलरूप से कहां का था और उसके परिवारीजन कहां हैं? इस बारे में जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस उसके बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि पप्पू रात को नित्यक्रिया के लिए उठा होगा और ढाल पर पैर फिसलने से गिर पड़ा होगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।