लखनऊ। मड़ियांव के सिमरा गौड़ी में बृहस्पतिवार देर रात हुई दयाराम की हत्या का खुलासा कर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कुबूला कि दयाराम ने शराब के नशे में गालीगलौज की थी, इसी के चलते ईंट से कूंचकर उसे मार डाला था। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त दो ईंट भी बरामद कर ली हैं। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करके जेल भेजा गया है।
बख्शी का तालाब के भोला का पुरवा, रुदही का रहने वाला दयाराम उर्फ छोटे (35) मड़ियांव के सेमरा गौड़ी में अपने भांजे रामबालक के घर पर रहता था। बृहस्पतिवार देर शाम दयाराम सब्जी लेने की बात कहकर गया था। शुक्रवार सुबह घर के पास मैदान में खून से लथपथ उसका उसका शव पड़ा मिला था। एसीपी अलीगंज अली अब्बास ने बताया कि जांच में पता चला कि बृहस्पतिवार रात दयाराम कुछ लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। दयाराम के दूर के रिश्तेदार उमेश व मोहल्ले के ही ओमप्रकाश का नाम सामने आया।
दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो वारदात का खुलासा हो गया। उमेश और ओमप्रकाश ने बताया कि बृहस्पतिवार रात शराब के नशे में दयाराम ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहे और गालियां दीं। इसी के चलते गुस्से में ईंट उठाकर दयाराम के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार करके उसे मार डाला। मड़ियांव इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी दो ईंट बरामद कर ली गईं हैं। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।