लखनऊ। चिनहट के उदय नगर निवासी जय प्रकाश गुप्ता ने बेटी और उसके परिचित युवक पर पांच करोड़ रुपये के जेवर चुराने और पत्नी की हत्या करने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर चिनहट पुलिस ने 16 अगस्त को दोनों के खिलाफ चोरी की एफआईआर दर्ज की है।
जय प्रकाश ने बताया कि बेटी उपमा मोहिसिन नाम के युवक के साथ रहती है और उसे अपना पति बताती है। पांच साल से वह वही कर रही है, जो मोहिसिन कह रहा है। आरोप लगाया कि उसी के कहने पर उपमा ने भाई को घर से निकलवा दिया। इसके बाद दोनों ने भाई की पत्नी के तीन करोड़ और मां के दो करोड़ रुपये के जेवर चुरा लिए।
जय प्रकाश का आरोप है कि दोनों ने उन्हें रास्ते से हटाने के लिए खाने में कुछ मिलाकर देना शुरू कर दिया। इससे उनके दिमाग ने काम करना बंद कर दिया। फिर उनकी सभी संपत्तियों के बैनामे, गिफ्ट डीड और वसीयत अपने नाम करवा ली। जय प्रकाश ने दोनों पर उनकी पत्नी की हत्या करने का भी आरोप लगाया।
जय प्रकाश ने बताया कि फरवरी में दोनों कुछ समय के लिए बाहर चले गए। ऐसे में दवा का असर खत्म होते ही उनका दिमाग सही हुआ और उन्होंने कोर्ट की शरण ली। अदालत के आदेश पर चिनहट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि पुलिस पीड़ित से संपर्क करेगी। उनसे पूछताछ और साक्ष्य संकलन होने पर आगे की कार्रवाई होगी।