लखनऊ विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाओं के फॉर्म 22 अप्रैल तक भरे जा सकते हैं। विवि प्रशासन ने परीक्षा फॉर्म न भर पाने वाले विद्यार्थियों को एक मौका और दिया है। 18 अप्रैल तक परीक्षा फॉर्म भरने पर किसी प्रकार का विलंब शुल्क नहीं देना होगा।
इसके बाद 22 अप्रैल तक उन्हें 500 रुपये विलंब शुल्क देना होगा। सेमेस्टर परीक्षा की शुरुआत 24 अप्रैल से होनी है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. एके शर्मा ने बताया कि मई-जून सम सेमेस्टर के लिए पीजी-प्रबंधकीय, पीजी-पीजी डिप्लोमा, एलएलबी-एलएलबी ऑनर्स, बीसीए, एमसीए, बीएससी-एमएससी एग्रीकल्चर और अन्य पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी विवि की वेबसाइट www.luonline.in और www.lkouniv.ac.in पर जाकर ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।
परीक्षा फॉर्म रेग्युलर और एग्जेंप्टेड दोनों परीक्षार्थियों को भरना है। परीक्षा फॉर्म भरने के बाद उसका प्रिंट आउट संबंधित संकाय और कॉलेज में जमा करना होगा। संकायाध्यक्ष और प्राचार्य को भरे हुए फॉर्म का प्रिंट आउट सत्यापित करके परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में 22 अप्रैल तक जमा करना है। कॉलेजों को आरटीजीएस के माध्यम से परीक्षा फीस का भुगतान करना होगा।