मलिहाबाद। रहीमाबाद उपकेंद्र के तरौना गांव में शनिवार सुबह दरवाजे पर लगे बिजली के खंभे से जुड़े केबल को बांस से हिला कर सही कर रहे अंकित (28) करंट की चपेट में आ गए। उसे सीएचसी मलिहाबाद पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घरवालों ने बिजली कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
अंकित के भाई गोलू ने बताया कि घर में शनिवार सुबह छत में टीन लगाई जा रही थी। बिजली का पॉवर डिम हो रहा था। ऐसे में सुबह सात बजे अंकित बांस लेकर एलटी एबीसी लाइन पर अपना केबिल हिला कर उसे ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इस बीच बारिश शुरू हो गई। बांस में करंट आने पर अंकित उसकी चपेट में आ गया।
होने वाली थी शादी
गोलू ने बताया कि अंकित की जल्द शादी होने वाली थी। मगर इस घटना से घर में मातम छा गया। भाई जितेंद्र, दीपक, गोलू, प्रियांशु दो बहनों और मां मुन्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर आनंद द्विवेदी ने बताया परिजनों के तहरीर देने पर कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन से सही से नहीं आ रही बिजली
गोलू ने बताया कि तीन दिनों से सही से बिजली नहीं आ रही थी। इस बात की शिकायत भी उपकेंद्र पर की गई थी। मगर बिजली कर्मियों ने समस्या का समाधान नहीं किया। घटना पर ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग पर आक्रोश जताया। एसडीओ डीके प्रजापति का कहना है कि आरोप निराधार हैं। बारिश के मौसम में लोग स्वयं जोखिम लेने से लोग बचें।