सुल्तानपुर। जिले में यूरिया की किल्लत कम होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को समितियों पर यूरिया पहुंचने की जानकारी मिलते ही किसानों की लंबी लाइन लग गई। निगरानी के लिए लेखपाल भी पहुंचे और पुलिस बल की मौजूदगी में खाद बांटी गई। घंटों लाइन में लगने के बाद भी कुछ किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा। कुछ ने निजी दुकानों से अधिक मूल्य पर यूरिया खरीदी।सोमवार को अलीगंज बाजार में एक दुकानदार ने 420 रुपये लेने के बाद किसान को एक बोरी यूरिया के साथ जिंक का पैकेट भी पकड़ा दिया।
बल्दीराय की नौ साधन सहकारी समितियों में अलियाबाद, इसौली व हलियापुर में खाद नहीं आई। मीरपुर में 300, कांपा में 100, नेवादा में 300, बघौना में 350, रैंचा में 300 और तिरहुंत समिति पर 200 बोरी यूरिया आई है। इसमें केवल नेवादा में वितरण हो रहा है। लेखपाल राजेंद्र और लेखपाल संदीप कुमार तिवारी ने खाद का वितरण कराया।
निजी दुकानों पर महंगे दामों में बिक रही यूरिया
अलीगंज। स्थानीय कस्बा समेत रवनिया पश्चिम, बेला पश्चिम, रामपुर की समितियों पर यूरिया खाद नदारद है। किसान बाबूलाल गुप्ता, जगदंबा तिवारी, कान्हा यादव, वसीम अहमद, राजकुमार शर्मा सहित अन्य ने बताया कि महंगे दामों पर यूरिया खाद लेना हम लोगों की मजबूरी है। निजी दुकानदार जिंक के साथ 420 रुपये में यूरिया खाद दे रहे हैं। बेला पश्चिम समिति के सचिव संजय शुक्ल ने बताया कि रैक लग चुकी है। मंगलवार को सभी समितियों पर 400 बोरी खाद आने की उम्मीद है। संवाद
रविवार शाम को आई थी यूरिया
कादीपुर। क्षेत्र की सात साधन सहकारी समिति और सहकारी संघ कादीपुर में रविवार की शाम 300-300 बोरी यूरिया आई थीं। सोमवार को समिति के सचिव ने किसानों को खाद का वितरण कराया। साधन सहकारी समिति लक्ष्मणपुर में पुलिस बल की मौजूदगी में यूरिया किसानों को दी गई। सलाहपुर गांव के किसान जवाहर ने बताया कि प्रति बोरी 266.50 रुपये की दर से खाद मिल रही है। बुढ़ाना गांव के जटाशंकर वर्मा ने भी बताया कि समिति पर खाद निर्धारित रेट पर दी जा रही है। संवाद
400 किसानों को मिली खाद
द्वारिकागंज। पीसीएफ गोदाम कटका में सोमवार को सुबह करीब नौ बजे केंद्र प्रभारी सुरेंद्र मिश्र पहुंचे तो देखा कि किसानों की काफी भीड़ थी। दिनभर में 400 बोरी खाद का वितरण किया गया है। केंद्र प्रभारी ने बताया कि 800 बोरी यूरिया खाद आई है। सोमवार को 400 बोरी यूरिया का वितरण किया गया है। लाइन में लगे जिन किसानों को खाद नहीं मिली है, उन्हें टोकन देकर मंगलवार को बुलाया गया है। संवाद
समितियों पर पहुंची खाद, आज होगा वितरण
मोतिगरपुर। क्षेत्र की सभी बी-पैक्स समितियों पर यूरिया की खेप सोमवार सुबह ही पहुंच गई थी। बी-पैक्स समिति दियरा में 250, मैरी संग्राम में 300, दियरा संघ पर 250, बी-पैक्स बढ़ौनाडीह में 250, बी-पैक्स ढेमा में 250 और बी-पैक्स समिति पदारथपुर उपाध्याय में 300 बोरी यूरिया आई हैं। सचिव सत्यदेव दुबे ने बताया कि मंगलवार सुबह से किसानों को यूरिया का वितरण किया जाएगा। संवाद
-
26,000 क्विंटल इफको यूरिया की आई रैक
रेलवे की गुड्स साइडिंग ट्रैक पर 26,000 क्विंटल इफको यूरिया की रैक आई है, जिसे ट्रकों पर लोड कर समितियों पर भेजा जा रहा है। अब जिले में खाद की उपलब्धता भरपूर हो गई है। जिन किसानों को खाद नहीं मिली है, उन्हें मंगलवार को वितरित किया जाएगा।
- अंजनी कुमार, एआर कोऑपरेटिव।