पीसीएफ गोदाम कटका में खाद के लिए उमड़ी किसानों की भीड़।
सुल्तानपुर। जिले में करीब एक सप्ताह से रुक-रुककर हो रही बारिश से धान की फसलों में हरियाली आ गई है। वहीं, दूसरी तरफ सड़कों पर जलभराव होने से राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम पर्यवेक्षक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दक्षिणी-पूर्वी हवा की गति 9.3 किमी प्रति घंटा रही, वर्षा 11.4 मिमी दर्ज की गई। आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
रविवार की आधी रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश का सिलसिला सोमवार सुबह तक जारी रहा। इस दौरान सोमवार को भी दिन में कई बार रुक-रुककर बारिश हुई। बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। इसके अलावा शहर के बस स्टेशन, जिलाधिकारी आवास, सब्जी मंडी, कुड़वार नाका समेत कई जगहों की सड़कें कीचड़युक्त हो गई हैं। साथ ही कहीं-कहीं सड़क की पटरियों पर भी पानी भर गया है। इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।