29. कुड़वार सहकारी संघ से यूरिया ले जाते किसान। संवाद
सुल्तानपुर। पखवाड़े भर से यूरिया के लिए परेशान किसानों की समस्या अब दूर होने लगी है। सोमवार को जिले की ज्यादातर समितियों पर किसानों की भीड़ कम हुई। आने वाले किसानों को आसानी से यूरिया मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना न रहा।
कुड़वार सहकारी संघ पर दो शिफ्ट में 550 बोरी यूरिया पहुंची। रविवार और सोमवार को यूरिया वितरण होने से किसानों ने राहत महसूस की। सहायक सचिव देव नारायण यादव ने बताया कि अब किसानों की भीड़ कम हो गई है। जल्द ही और यूरिया आने वाली है। कादीपुर क्षेत्र में स्थित सातों साधन सहकारी समितियों पर यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध बताई जा रही है। सहकारी संघ कादीपुर में 500 बोरी, साधन सहकारी समिति कादीपुर में 400 बोरी, साधन सहकारी समिति लक्ष्मणपुर में 600 बोरी यूरिया खाद आई है। किसान समितियों पर जाकर आसानी से खाद ले रहे हैं। दोस्तपुर सहकारी समिति पर 400 बोरी खाद आई थी। सोमवार को आधार कार्ड से 100 किसानों ने 250 बोरी यूरिया की खरीदारी की।
समितियों और दुकानों पर उपलब्ध है यूरिया का स्टॉक
जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी ने बताया कि जिले की ज्यादातर साधन सहकारी समितियों और निजी उर्वरक दुकानों पर यूरिया का भरपूर स्टॉक उपलब्ध है। अब किसानों की भीड़ भी कम हो गई है। यूरिया के लिए किसानों को भटकना नहीं पड़ेगा।