फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शराब की दुकानों पर उमड़ी सब्जी मंडी जैसी भीड़

विज्ञापन
दुकान पर शराब पीते लोग। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
लखनऊ। राजधानी में 40 दिन बाद सोमवार को शराब की दुकानें खुलीं तो लॉकडाउन की धज्जियां उड़ गईं। हालत यह थी कि कई दुकानों पर सब्जी मंडी से भी ज्यादा भीड़ नजर आई। शहर में हर जगह शराब की दुकानों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगीं। लोगों में शराब और बीयर ज्यादा से ज्यादा खरीदने की होड़ मची रही। इस दौरान लॉकडाउन का पालन कराने वाली पुलिस शराब की दुकानों के बाहर लोगों की भीड़ संभालती रही। नशे में धुत लोगों ने जगह-जगह हंगामा भी किया। चौक थाने का सिपाही नितेश उपाध्याय दोस्त के साथ नशे में धुत होकर लोगों से भिड़ गया जिस पर गुस्साई जनता ने उसे खदेड़कर पीटा। पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय ने सिपाही को निलंबित कर दिया है।
विज्ञापन


शासन ने सुबह 10 बजे से शाम सात बजे तक शराब की दुकानें खोलने का आदेश दिया था, इसके बाद भी सुबह दूध-सब्जी और फल लेने निकले लोग शराब की दुकानों के चक्कर काटते रहे। हजरतगंज के परिवर्तन चौक से लेकर गोमतीनगर के मिठाईवाला चौराहा, विशालखंड, महानगर के निशातगंज, गोल मार्केट, हुसैनगंज, कैसरबाग, आलमबाग, पुराने लखनऊ के तमाम मोहल्लों में लोग नौ बजे से ही शराब की दुकानों के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो गए थे। जैसे ही दुकानें खुलीं, लोगों में शराब खरीदने की होड़ लग गई। किसी ने झोला भर लिया तो किसी ने बोतलों से भरा गत्ता कंधे पर लाद लिया।

कार, स्कूटर और बाइक की डिग्गी में भी शराब की बोतलें, बीयर के कैन भर लिए गए। कुछ लोगों ने अपनी शर्ट और अंगौछे में ही बोतलें बांध लीं। यह नजारा दिनभर राजधानी की एकल शराब की दुकानों पर दिखा। दोपहर से पीना शुरू, सोशल मीडिया पर आने लगे वीडियो उधर, लोगों ने दोपहर से ही शराब पीनी शुरू कर दी। हसनगंज के खदरा स्थित बिग बाजार फैशन मॉल के सामने एक युवक नशे की हालत में जमीन पर लोटता मिला। उसका फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। चार बजे के आसपास मौसम बदला और बारिश व ओले पड़ने लगे तो भी शराब के शौकीनों पर असर नहीं हुआ।
विज्ञापन


उन्होंने बारिश में भीगते हुए शराब खरीदी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग और लॉकडाउन पूरी तरह से ध्वस्त दिखा।   सिपाही को बर्खास्त करने की तैयारी लखनऊ। चौक थाना की नक्खास चौकी में तैनात सिपाही नितेश उपाध्याय चौक थाना के नक्खास चौकी में तैनात सिपाही नितेश उपाध्याय अपने दोस्त रवि मिश्रा के साथ शराब के नशे में धुत होकर घूम रहा था। उस पर नशे की हालत में महिला से अभद्रता का आरोप है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती छानबीन में लोगों ने सिपाही पर यही आरोप लगाया है।

लोगों का कहना था कि सिपाही नशे की हालत में घरेलू सामान लेने निकली महिला से अभद्रता कर रहा था जिसका विरोध करने पर वह वर्दी का रौब गांठने लगा। इसके बाद लोगों ने सिपाही व उसके साथी रवि मिश्रा की पिटाई कर दी। सिपाही मौके से भागा तो लोगों ने खदेड़ लिया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस आयुक्त का कहना है कि सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। अब उसे बर्खास्त करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस आयुक्त का कहना है कि सिपाही ड्यूटी पर नहीं था। उसकी विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें